महासमुन्द

पिथौरा-कसडोल मार्ग पर हाथी दल की मौजूदगी, वन विभाग अलर्ट
17-Sep-2026 8:31 PM
पिथौरा-कसडोल मार्ग पर हाथी दल की मौजूदगी, वन विभाग अलर्ट

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

पिथौरा, 17 सितंबर। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सोनाखान वन परिक्षेत्र में 28 हाथियों के दल की मौजूदगी ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग अलर्ट मोड पर है।

बुधवार को करीब दो दर्जन से अधिक हाथियों का एक झुंड कसडोल से करीब 6 किलोमीटर दूर बिलारी और बम्हनीडीह गांव के आसपास विचरण करता देखा गया है। हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग और हाथी मित्र दल लगातार हाथियों की लोकेशन ट्रैक कर रहे हैं।

हाथियों का उक्त दल ग्राम बिलारी से सिद्ध बाबा झरना होते हुए आमझरिया झरना क्षेत्र की ओर बढ़ा है। दल में कुल 28 हाथी शामिल हैं, जिनमें 14 मादा, 11 बच्चे और 3 नर हाथी बताए जा रहे हैं। हाथियों की गतिविधियां कैमरे में भी कैद हुई हैं। इसके बाद वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और बढ़ा दी है। हाथियों के खेतों में पहुंचने से किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि फसल नुकसान के साथ-साथ मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति को रोका जा सके।

 क्षेत्र में हाथियों के संभावित हमले से संभावित जनहानि की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने लोगों से हाथियों का पीछा नहीं करने और उनके करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने से बचने को कहा है। हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील भी की गई है।

हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए कसडोल-पिथौरा मार्ग और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में वन विभाग की विशेष निगरानी रखी जा रही है। हाथी मित्र दल के सदस्य भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए हैं। इसके अलावा सिद्ध बाबा  झरना जाने वाले पर्यटकों को भी अभी रोका जा रहा है।

 सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग ने लोगों को सिद्ध बाबा झरना क्षेत्र की ओर जाने से बचने की अपील की है। हाथियों का दल इसी क्षेत्र की ओर बढ़ा है, ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल लगातार 28 हाथियों के झुंड की गतिविधियों को ट्रैक कर रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि हाथियों को सुरक्षित रास्ता मिले और ग्रामीणों तथा हाथियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा न हो।

ट्रक हाथियों के बीच फंसा, ड्राइवर बाल-बाल बचा

 बुधवार की रात कसडोल से  पिथौरा की ओर जा रही एक खाली ट्रक हाथियों के बीच फंस गया था। करीब एक घंटे तक ट्रक हाथियों के बीच फंसा रहा। इस दौरान हाथियों ने ट्रक के साइड ग्लास एवं नंबर प्लेट आदि तोड़ दीं, बाद में हाथी मित्रों ने ड्राइवर को ट्रक के साथ बचा कर  निकाला।


अन्य पोस्ट