महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 15 सितम्बर। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है—इसी उद्देश्य से गुड शेफर्ड स्कूल में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके सामान्य स्वास्थ्य की जांच करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य, उप-प्राचार्य एवं उपस्थित चिकित्सकगण द्वारा किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों की टीम डॉ जी सी दीवान, नर्स मनीषा,भारती देवांगन एवं फार्मेसिस्ट पवन साहू ने विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आंखों, दांतों तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच की गई। चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य शिविर में भाग लिया और चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछकर उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर प्राचार्य एम श्रीनिवास राव ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उप-प्राचार्य मिताली ने भी विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा अच्छी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन के लिए चिकित्सकों एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। शिविर विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा तथा उन्हें स्वस्थ एवं जागरूक जीवन जीने की प्रेरणा मिली।