महासमुन्द

स्काउट-गाइड्स की 6 किमी पैदल हाइक
14-Sep-2026 6:11 PM
 स्काउट-गाइड्स की 6 किमी पैदल हाइक

बिना बर्तन भोजन बनाने का लिया प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 14 सितंबर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संघ विकासखंड पिथौरा द्वारा एक दिवसीय 6 किलोमीटर पैदल हाइक का आयोजन किया गया। यह हाइक स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सांकरा जोक) से प्रारंभ होकर शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (बड़े टेमरी) तक पहुंची। इसमें स्काउट, गाइड, रोवर, रेंजर, शिक्षकों और अतिथियों सहित लगभग 400 लोगों ने सहभागिता की।

सेजेस सांकरा में उद्घाटन समारोह के पश्चात अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर हाइक को रवाना किया गया। मार्ग में प्रतिभागियों ने स्वच्छता एवं नशामुक्ति से संबंधित गतिविधियां संचालित कीं।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संघ पिथौरा के अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल के अनुसार, हाइक के दौरान प्रतिभागियों को टेंट पिचिंग, रस्सी की गांठें बांधने, दिशा ज्ञान, मानचित्र अध्ययन, प्राथमिक चिकित्सा और बिना बर्तन के भोजन बनाने (जैसे लकड़ी की आंच पर रोटी सेंकने व केले के पत्तों का उपयोग कर सब्जी बनाने) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

हाइक का संचालन हाइक लीडर अजय नायक के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम का समापन बड़े टेमरी स्थित शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में हुआ, जहां मुख्य अतिथि सत्यनारायण अग्रवाल ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।

 कार्यक्रम में लक्ष्मीकांत सोनी (राज्य मुख्यालय आयुक्त), रजिंदर खनूजा (प्रदेश मीडिया प्रभारी), झनेश कुमार साहू (सचिव पिथौरा), रामकुमार नायक, राजीव तिवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि (सरपंच जयकृष्ण साहू, उपसरपंच मनोज बारिक) तथा विद्यालयीन शिक्षक व स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित थे। भोजन की व्यवस्था ग्राम पंचायत बड़े टेमरी के सहयोग से की गई।


अन्य पोस्ट