महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 सितम्बर। नगर पालिका परिषद महासमुंद द्वारा कल स्थानीय गोल बाजार में नवनिर्मित सुलभ शौचालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने फीता काटकर इस सुविधा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर पालिका व्यापारियों की सुविधाओं के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शहर के बाजारों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाना उनकी प्राथमिकता है। यहां सैकड़ों व्यापारी, कर्मचारी और ग्राहक आते हैं। लंबे समय से यहां एक स्वच्छ और व्यवस्थित शौचालय की मांग की जा रही थी।
कहा कि विशेषकर बाजार में काम करने वालों के लिए यह एक बड़ी समस्या थी। आज मुझे खुशी है कि हम उस मांग को पूरा कर पाए हैं। यह केवल एक शौचालय का निर्माण नहीं है बल्कि यह स्वच्छ भारत मिशन और व्यापारी सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने व्यापारियों से भी आग्रह किया कि इसे अपनी संपत्ति समझकर इसके रखरखाव में सहयोग करें। व्यापारियों ने इस पहल के लिए नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति ईश्वरी संजय भोई, गुलशन साहू,जय देवांगन, जितेन्द्र ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष शंभू साहू, छेदीलाल राठौर,शिरीष गंडेचा, तुलसी साहू, पार्षद कल्पना सूर्यवंशी, सीता टोंडेकर,नीरज चंद्राकर, मुन्ना देवार सहित गोल बाजार के व्यापारी भीष्मदास मानिकपुरी, बाबू खत्री, श्याम तिवारी, भंवर खत्री, अनिल थदानी, अमित साहू, आदेश राठौर एवं बड़ी संख्या में दुकानदार उपस्थित रहे।