महासमुन्द

साल-दर साल बेटियां मायके आती हैं, भोजली बोती हैं, प्रकृति की दुआएं लेती हैं और फिर से जन्मभूमि आने का वचन दे जाती हैं...
11-Sep-2026 2:36 PM
साल-दर साल बेटियां मायके आती हैं, भोजली बोती हैं, प्रकृति की दुआएं लेती हैं और फिर से जन्मभूमि आने का वचन दे जाती हैं...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11 सितम्बर। कुछ परम्पराएं लाखों कोशिशों के बाद भी मरती नहीं हैं। हर साल वह उग आती हैं और उन्हें जिंदा रखने वाली अमूमन महिलाएं ही हैं। राखी, तीजा, पोला जैसे तीन त्यौहारों में एक ऐसा रस्म है, जिसे भोजली कहा जाता है। भोजली छत्तीसगढ़ में मितानी प्रथा का भी एक प्रतीक है। कल ही महासमुंद के ग्राम बडग़ांव व नयापारा में धूमधाम से भोजली का विसर्जन किया गया।

 गुरुवार को शाम चार बजे महानदी का एक घाट भोजली की विदाई का गवाह बना। गीत गाते गांव के मुख्यमार्ग से होते हुए महिलाओं ने किसी शोभायात्रा की तरह भोजली को बाजे गाजे के साथ गीत गाते नदी के घाट तक पहुंचाया और उन्हें विदाई दी। गांव में सुबह से ही भोजली की विदाई का रस्म शुरू हुआ था। आंगन में विशेष पूजा अर्चना, श्रृंगार के बाद ही भोजली की से नदी की ओर रवानगी हुई। विदाई के वक्त महिलाओं ने मांगा प्रकृति से मांगा कि उनके मायके की जमीन कभी भी पानी के लिए न तरसे, अच्छी फसल हो, पशुधन की रक्षा हो और पूरे गांव की रक्षा हो। इसी बहाने वे जुड़ी रहती हैं मायके और अपनी जन्मभूमि से। 

छत्तीसगढ़ में कुछ जाति समुदायों में सावन के पहले त्यौहार हरियाली के बाद बेटियों को ससुराल से मायके लाने की परम्परा होती है। हरियाली के बाद की नवमी तिथि को विवाहिता बेटियों के लिए भोजली बोने का नियम होता है। इस भोजली को रक्षाबंधन के दूसरे दिन विसॢजत करते हैं। इसी तरह पोला के सात दिन पहले भी भोजली बोने का क्रम कुछ-कुछ जाति समुदायों में है। यह तस्वीर इसी क्रम का है। इन सब परम्पराओं को विवाहित बेटियां ही मायके में ही निभाती हैं। इसेक अलावा पूरे छत्तीसगढ़ में भोजली को मित्रता मतलब मितानी प्रथा का भी पर्याय माना जाता है।

आमतौर पर छत्तीसगढ़ में ससुराल से बेटियों को सावन-भादो में कुछ दिनों के लिए मायके वलाने की परम्परा है। जब बेटियां मायके आती हैं तो अपने मायके वाले क्षेत्र में पानी की कभी कोई कमी न हो,फसल अच्छी हो इसी कामना के साथ भोजली बोती है। बाजार से सुंदर छोटी-छोटी टोकरियां खरीद लाती हैं। उन टोकरियों में उपजाऊ महीन मिटट्ी-खाद डालकर उसमें धान, गेहूं, जौ, उड़द, चने के दानों को बो देती हैं और इसे अंधेरे कमरे में रख देती हैं। इनमें से जो पौधे आते हैं, उन्हें ही भोजली कहा जाता है। इसके बाद हर रोज स्नान आदि के बाद इसकी पूजा होती है। थोड़े से जल में हल्दी आदि डालकर इसे सींचा जाता है।

भोजली को कहीं पर 7 सात दिनों, कहीं पर 9 दिनों तो कहीं पर 11 दिनों में विसर्जित करते हैं। जिस दिन विसर्जन होता है, महिलाएं-बेटियां नये कपड़े पहन कर शृंगार करके ध्यान पूजा करती हैं और अपने-अपने मायके क्षेत्र में अच्छी बारिश, गांव के लोगों की खुशहाली और उनके दीर्घायु होने की कामना करती हैं। बाजे गाजे के साथ भोजली की शोभायात्रा निकलती है और फिर उसे नदी, तालाब आदि में विसर्जित की जाती है। भोजली को विसर्जित करने के बाद उसे तालाब में यूं ही नहीं छोड़ दिया जाता बल्कि बकायदा उसे धोकर वापस घरों में लाते हैं और सीतला, ठाकुर देव के अलावा घरों में अपने कुलदेवी देवता को समर्पित करते हैं। इसी भोजली को छत्तीसगढ़ के अधिकांश गांवों मेें महिलाएं अपने सबसे अच्छी सहेली या बचपन की सहेली के कान में खोंचती हैं और आजीवन एक दूसरे के साथ सच्ची मित्रता का शपथ लेती हैं। इसे ही मितानी प्रथा कहते हैं।

भाषा शाी भोजली को भो और जली दो शब्दों के रूप में प्रस्तुत करते हैं। इसका अर्थ है भूमि में जल हो। इस तरह महिलाएं भोजली के माध्यम से प्रकृति की पूजा करती है। भोजली को माता के रूप में स्वीकारती हैं। महासमुंद के बडग़ांव में तो  कल घरों के साथ-साथ चण्डी मन्दिर से भी भोजली की शोभायात्रा निकाली। रास्ते भर ग्रामीणों ने इस शोभायात्रा की पूजा अर्चना व नारियल भेंट किया। कई बच्चियों ने व्रत भी रखा। जिन घरों में भोजली बोई गई थी, उन घरों के दरवाजे में स्वागत द्वार बनाए गये थे। इस तरह गांव के तमाम लोगों ने इसमें हिस्सेदारी की।

जब भोजली महानदी पहुंची तो घाट के आसपास जमीन को नदी के पानी से सींचा गया। उसके बाद बारी-बारी के कतार में भोजली की डलियां रखी गई। धूप अगरबत्ती जलाकर उसकी पूजा की गई और फिर सबने हाथ जोडक़र महानदी के पानी से भोजली विसर्जन की सहमति मांगी। प्रकृति देवी से कृपा प्रदान करने और अच्छी फसल का आशीर्वाद मांगकर भोजली को विर्जित किया। यह त्यौहार बगैर किसी आडंबर के थोड़े ही मेहनत मांगता है लेकिन सदेश बहुत बड़ा संदेश देता आया है। बेटियों का मायके से जुुड़ाव और जन्मभूमि की सुरक्षा भी इस त्यौहार में दिखता है। लिहाजा साल-दर साल बेटियां भोजली बोती हैं, दुआएं लेती हैंऔर नदी अथवा तालाब की गवाही में अगले साल फिर से मायके आने का वचन दे जाती हैं।


अन्य पोस्ट