महासमुन्द

महिला समूहों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम, 2.35 करोड़ की वित्तीय सहायता
10-Sep-2026 3:48 PM
महिला समूहों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम, 2.35 करोड़ की वित्तीय सहायता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 10 सितंबर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत बागबाहरा जनपद पंचायत परिसर में स्व-सहायता समूहों, कैडर एवं पदाधिकारियों के लिए विकासखंड स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक लिंकेज, वित्तीय साक्षरता और शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। विकार्यक्रम के दौरान 53 स्व-सहायता समूहों को कुल 2 करोड़ 35 लाख 20 हजार की वित्तीय सहायता दी गई तथा 22 महिलाओं को व्यक्तिगत उद्यम ऋण के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

योजना के तहत अब तक समूहों को रिवॉल्विंग फंड से 348.6 लाख, सामुदायिक निवेश कोष से 1208.4 लाख और ग्राम संगठन स्टार्टअप फंड से 24.85 लाख प्राप्त हो चुके हैं, जो क्लस्टर स्तर पर कम ब्याज दर पर चक्रीय रूप से संचालित होते हैं। बागबाहरा क्षेत्र में महिला समितियों द्वारा 139 किराना दुकानें, 35 फैंसी स्टोर, 44 बकरी पालन, 8 गाय पालन, 35 सेंट्रिंग प्लेट और 19 टेंट हाउस इकाइयां संचालित की जा रही हैं। जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर ने कहा कि बिहान योजना का लक्ष्य महिला स्व-सहायता समूहों को प्रशिक्षण व वित्तीय सहायता देकर बाजार से जोडऩा और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है। जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार ने कहा कि समूहों को वित्तीय प्रबंधन और शासकीय योजनाओं के समन्वय से स्थायी आजीविका से जोडऩा आवश्यक है। जनपद सीईओ एम.एल. मंडावी ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बैंक लिंकेज व वित्तीय साक्षरता के माध्यम से स्थानीय स्तर पर आजीविका गतिविधियों का विस्तार करना है। कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, जनपद सीईओ एम.एल. मंडावी, सभापति लता पांडे, सभापति मधुलिका गणेश चंद्राकर, जनपद सदस्य चंद्रकला साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष एडिसन ठाकुर, सरपंच सेवाराम साहू, सीईओ जी.आर. बरिहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्व-सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित थीं।


अन्य पोस्ट