महासमुन्द

स्कूल परिसर की सफाई के दौरान पेड़ों की कटाई !
09-Sep-2026 4:13 PM
स्कूल परिसर की सफाई के दौरान पेड़ों की कटाई !

तहसीलदार के निर्देश पर वन विभाग ने की गिनती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा,  9 सितंबर। महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड के ग्राम राजाडेरा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में शाला विकास समिति के निर्णय के बाद परिसर की सफाई के दौरान पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत स्थानीय तहसीलदार से की गई है।

 प्राथमिक शाला परिसर में सांप-बिच्छू के खतरे को देखते हुए सरपंच की उपस्थिति में शाला विकास समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें मैदान में उगी झाडिय़ों एवं छोटे पौधों की सफाई का निर्णय लिया गया था। ग्रामीणों के अनुसार रविवार को सुबह झाडिय़ों की सफाई के बाद ग्रामीण लौट गए थे। इसके पश्चात खेल मैदान तैयार करने के उद्देश्य से परिसर में स्थित पेड़ों की कटाई की गई। शाला में पदस्थ शिक्षकों द्वारा घटना की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी गई। मामला राजस्व भूमि से संबंधित होने के कारण तहसीलदार पिथौरा को सौंपा गया। तहसीलदार के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कटे वृक्षों की गिनती की।

 वन विभाग की नाप-जोख के अनुसार, एक सागौन का पेड़ (तीन टुकड़ों में: 60 सेमी गोलाई के दो और 48 सेमी का एक), 90 सेमी गोलाई का एक सेन्हा, 90 सेमी गोलाई का एक तेंदू तथा 90 सेमी गोलाई का एक बेल का पेड़ कटा पाया गया। इसके अतिरिक्त शेष पतली बरसाती झाडिय़ां कटी मिलीं।

तहसीलदार द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट