महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 9 सिम्बर। खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी एनओसी के मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष अग्रवाल के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के मुड़पार स्थित मकान से 81 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान 500 रुपए के नोटों की 162 गड्डियां मिलीं। थैले में कुल 16,200 नोट पाए गए। पुलिस ने पूरी रकम को विधिवत जब्त कर लिया है और इसे अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 107 के तहत कुर्की की कार्रवाई शुरू की जा रही है। मामला खैर लकड़ी के अवैध परिवहन के लिए एनटीपीएस एनओसी में कूटरचना कर उसका वास्तविक दस्तावेज के रूप में इस्तेमाल करने और धोखाधड़ी से जुड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा के आवेदन पर थाना पिथौरा में अपराध दर्ज है।
नेटवर्क की तलाश महासमुंद पुलिस जब्त 81 लाख रुपए को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए बीएनएसएस की धारा 107 के तहत न्यायालय में कुर्की के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में है।
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य आरोपी को कथित अपराध से अर्जित आर्थिक लाभ से वंचित करना है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस के मुताबिक प्रकरण में बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3),172/2026 दर्ज किया गया है।
प्रकरण में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ भारतीय वन अधिनियम के तहत भी अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में 23,350 किलो खैर लकड़ी के अवैध परिवहन का मामला सामने आया है। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार, थाना सरसींवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ स्थित मकान की तलाशी के लिए न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया। इसके बाद महासमुंद पुलिस की टीम ने 7 सितंबर को मकान में तलाशी कार्रवाई की। केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान एक थैले में 500 रुपए के नोटों की गड्डियां मिलीं।
पुलिस के अनुसार, बरामद रकम में 500 रुपए के नोटों की कुल 162 गड्डियां थीं। प्रत्येक गड्डी में 100 नोट होने के हिसाब से कुल 16,200 नोट मिले। इनकी कुल कीमत 81 लाख रुपए है। रकम को मौके पर ही जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद 340(2), 61(2), 3(5), 111, 25 आर्म्स एक्ट तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 42(1), सहपठित धारा 41(2) (ख) (घ) और 52(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अवैध वनोपज परिवहन, फर्जी दस्तावेज और धोखाधड़ी से जुड़े नेटवर्क की कडिय़ों की भी जांच कर रही है।