महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 8 सितम्बर। बसना थाना क्षेत्र में रायपुर रोड स्थित दानी फ्यूल के पास दो राइस मिलों में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने लक्ष्मी राइस मिल एवं भवानी राइस मिल में घुसकर वहां रखे मोटर, केबल, स्टार्टर, सामान सहित लोहे की अन्य वस्तुएं चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मिल संचालक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
वार्ड क्र. 3 बसना निवासी वरुण अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि 27 अगस्त को लक्ष्मी राइस मिल एवं भवानी राइस मिल में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी की जा रही थी। बताया गया कि चोर मिल परिसर से सामान निकालकर ले जा रहे थे। चोरी का कुछ सामान आरोपियों द्वारा पहले ही ले जाया जा चुका था, जबकि कुछ सामान ले जाते समय लोगों को इसकी जानकारी हुई और संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया गया।
इस दौरान कुछ आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। वहीं तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकडक़र बसना पुलिस के हवाले किया गया। शिकायत अनुसार चोरों ने राइस मिल के कार्यालय का कांच तोडक़र अंदर प्रवेश किया और वहां तोडफ़ोड़ करते हुए सामान पार किया। मिल में लगे मोटर, केबल, स्टार्टर, पैनल का सामान, कैपेसिटर, शॉर्टेक्स का सामान तथा लोहे की अन्य वस्तुएं चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
इसके अलावा कार्यालय में लगा ए.सी. भी चोरी कर लिया गया। शिकायत में चोरी गए सामान की कीमत करीब 8 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस अब चोरी की घटना में शामिल अन्य आरोपियों तथा चोरी गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मौके से पकड़े गए तीन संदिग्धों से पूछताछ के साथ ही फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध धारा 305 एवं 331 (3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।