महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 सितम्बर। महासमुंद जिले से गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग 53 स्थित ओवरब्रिज चौक के पास ग्राम भगत देवरी में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कोमल च्वॉइस सेंटर एवं संजय हार्डवेयर की दुकान का शटर तोडक़र अंदर प्रवेश किया। पूरी घटना दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार चार-पांच सितंबर की मध्यरात्रि करीब तीन से चार बजे के बीच लाल रंग की दोपहिया वाहन से तीन अज्ञात लोग भगत देवरी पहुंचे। आरोपियों ने पहले कोमल च्वॉइस सेंटर एवं संजय हार्डवेयर की दुकान के शटर को सब्बल से तोड़ा। इसके बाद दुकान के अंदर रखी सामग्री को खंगाला और गल्ले में रखा नगद रकम लेकर फरार हो गए। च्वॉइस सेंटर में रखे कंप्यूटर और प्रिंटर को भी नुकसान पहुंचाया।
चोरी की पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में संदिग्धों की आवाजाही और दुकानों के आसपास घूमते हुए दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। घटना की जानकारी सुबह दुकान संचालकों के पहुंचने पर हुई। शटर टूटा देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल112 एवं सांकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने दुकानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करते हुए फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। व्यापारियों के अनुसार एनएच.53 किनारे स्थित इन दुकानों के पीछे खेत होने के कारण रात के समय यह क्षेत्र काफी सूनसान रहता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
व्यापारियों बताया कि रात के समय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है। व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि एनएच.53 किनारे स्थित दुकानों की रात्रि गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी की जाए। लगातार दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है।