महासमुन्द
महासमुंद,6 सितम्बर। बागहारा खोपली पड़ाव के पास ढाबे के सामने से दिनदहाड़े पुलिस आरक्षक की स्कूटी चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार आरक्षक स्कूटी लॉक कर ढाबे में खाना खाने गया था। करीब एक घंटे बाद लौटने पर स्कूटी गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी स्कूटी के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। स्कूटी की डिक्की में पुलिस की वर्दी, पर्स, शासकीय मोबाइल सहित आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे।
पुलिस के अनुसार ग्राम दारगांव निवासी अवधराम ठाकुर महासमुंद सिटी कोतवाली में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। बीते 2 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे वे भूरे रंग की टीव्हीएस जूपिटर स्कूटी क्रमांक सीजी 06जीक्यू 5160 में सफर कर रहे थे। चोरी गई स्कूटी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। स्कूटी का इंजन नंबर ईजी 4 ईके 1700402 और चेचिस नंबर के 1 ई एमडी 626ईजी 46 00666 है।
घटना की शिकायत के बाद बागबाहरा पुलिस ने एफआईआर दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 303-2 के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ढाबे और आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान और चोरी गई स्कूटी की तलाश की जा रही।