महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 सितम्बर। वन मंडल महासमुंद क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से घूम रहा दंतैल हाथी शनिवार को ग्राम कोना के जंगल तक पहुंच गया। हाथी की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों को रात के समय खेतों और जंगल की ओर नहीं जाने तथा हाथी दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
वन विभाग की 5 सितंबर की उपस्थिति रिपोर्ट के अनुसार दंतैल हाथी वर्तमान में महासमुंद वन परिक्षेत्र के कक्ष के क्रमांक 78 और 79 के जंगल में मौजूद है। विभागीय निगरानी टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। जानकारी के अनुसार हाथी बीती रात ग्राम उमरदा और सिरगिड़ी के खेतों से होते हुए आगे बढ़ा।
इस दौरान उसने महासमुंद-बागबाहरा मार्ग को पार किया और बोरियाझर क्षेत्र की ओर पहुंचा। इसके बाद बोरियाझर-केशवा मार्ग पार करते हुए ग्राम कोना के खेतों से होकर जंगल में प्रवेश किया।
वन विभाग के अनुसार हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आगे कक्ष क्रमांक 80 की ओर बढऩे की संभावना है। इससे कोना सहित आसपास के गांवों में ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
दंतैल की मौजूदगी को देखते हुए कोना, जीवतरा, बकमा, धनसुली, केशवा और खट्टी सहित आसपास के गांवों में हाई अलर्ट किया गया है। वन अमला ग्रामीणों को लगातार हाथी की गतिविधियों की जानकारी दे रहा है। खेतों में काम करने वाले किसानों और ग्रामीणों को अकेले जंगल अथवा खेतों की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है। वन विभाग का अनुमान है कि हाथी महासमुंद जिले की सीमा से आगे बढक़र गरियाबंद वन मंडल के फिंगेश्वर रेंज में प्रवेश कर सकता है।
अपील की गई है कि हाथी के संभावित मार्ग को देखते हुए बहमंदेही, नानबाय,राजकट्टी,खैरझिटी, तुरेंगा सहित आसपास के गांवों में भी लोगों को सतर्क रहने कहा गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी की मौजूदगी वाले क्षेत्र में अनावश्यक दखल न दें। जंगल की ओर आवाजाही न करें। जंगल अथवा खेत में हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने, फोटो या वीडियो बनाने तथा उसे छेडऩे का प्रयास न करें। हाथी को घेरने या भगाने की कोशिश भी खतरनाक हो सकती है। हाथी दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी अथवा वन विभाग को सूचना दें।