महासमुन्द

भारी वाहनों की आवाजाही से राजा सेवैया कला मार्ग बदहाल
06-Sep-2026 4:10 PM
 भारी वाहनों की आवाजाही से राजा सेवैया कला मार्ग बदहाल

 ग्रामीणों ने की सडक़ मरम्मत की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 6 सितंबर। महासमुंद जिले की पिथौरा तहसील मुख्यालय से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित ग्राम राजा सेवैया कला को जोडऩे वाला पहुंच मार्ग वर्तमान में क्षतिग्रस्त स्थिति में है। इसके कारण ग्रामीणों को आवागमन और मरीजों को अस्पताल ले जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण रामेश्वर सोनवानी तथा अन्य निवासियों के अनुसार लगभग 25-30 वर्ष पूर्व ग्रामीणों द्वारा टप्पा सेवैया से सेवैया कला के मध्य श्रमदान से मार्ग का निर्माण किया गया था। वर्तमान में इसी मार्ग पर 33 केवी सब-स्टेशन, अस्थाई धान खरीदी केंद्र, वेयरहाउस, एफसीआई गोदाम और राइस मिल स्थित हैं। खाद्यान्न व धान परिवहन के कारण मार्ग पर प्रतिदिन ट्रकों और ट्रैक्टरों का आवागमन होता है। अत्यधिक भार के कारण सडक़ पर गड्ढे और कीचड़ हो गया है।

इस मार्ग का उपयोग राजा सेवैया कला, सुखीपाली, झुनगाबारी, पिलवापाली, बरेकेल और कौडिय़ा के ग्रामीण पिथौरा आने-जाने के लिए करते हैं। सडक़ की स्थिति के कारण दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने से दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से सडक़ मरम्मत का अनुरोध किया है तथा मांग पूरी न होने पर आंदोलन की बात कही है।


अन्य पोस्ट