महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 सितंबर। कक्षा 5वीं-6वीं में एक साथ पढ़े दोस्त पर भरोसा एक युवक को भारी पड़ गया। दोस्त ने ही उसके खाते से लाखों रुपए का संदिग्ध लेन-देन कर दिया। यह मामला ग्राम परसकोल का है।
ग्राम परसकोल (वार्ड 11) निवासी नागेंद्र साहू (23 वर्ष) की शिकायत पर महासमुंद पुलिस ने योगेश चंद्राकर उर्फ मोनू (निवासी वार्ड 29, महासमुंद) के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
प्रार्थी द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार मार्च 2026 में पैन कार्ड बनवाने के दौरान प्रार्थी की मुलाकात आरोपी योगेश चंद्राकर से हुई थी। आरोप है कि 5-6 मार्च के आसपास आरोपी उसे मोबाइल शॉप ले गया और पैन कार्ड हेतु आवश्यकता बताकर उसके नाम से एक नया सिम जारी करवाया।
अगले दिन आरोपी उसे बीटीआई रोड स्थित चॉइस सेंटर ले गया, जहां प्रार्थी के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाकर बैंक खाता खुलवाया गया।
शिकायत के अनुसार, खाता खुलने के बाद आरोपी ने प्रार्थी को सिम, बैंक पासबुक या एटीएम कार्ड उपलब्ध नहीं कराया।
5 सितंबर 2026 को संदेह होने पर प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा पहुंचकर जानकारी प्राप्त की। वहां पता चला कि उसके नाम से 9 मार्च 2026 को खाता खोला गया था, जिसमें नया मोबाइल नंबर पंजीकृत था। बैंक स्टेटमेंट प्राप्त करने पर प्रार्थी के खाते से 50 हजार रुपये और 1 लाख रुपये की राशि के विभिन्न लेन-देन दर्ज पाए गए।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।