महासमुन्द
विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति से की मुलाकात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 सितंबर। ‘मिशन शक्ति एसएटी’ के प्रशिक्षण के लिए चयनित महासमुंद की छात्रा रागिनी साहू (शासकीय आशीबाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कक्षा 12वीं) ने 22 से 31 अगस्त तक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित दस दिवसीय कार्यशाला में भाग लिया। इस प्रशिक्षण में विभिन्न देशों से 128 छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें भारत की 20 और छत्तीसगढ़ की 2 छात्राएं शामिल थीं।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, सैटेलाइट निर्माण, कोडिंग, सोल्डरिंग और क्यूबसैट से संबंधित तकनीकी गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मिशन शक्ति एसएटी के कार्यक्रम निदेशक डॉ. श्रेयम केशन, एंबेसडर जया तारे, इसरो के वैज्ञानिकों तथा ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला से संवाद किया। इसके अतिरिक्त, नीति आयोग की एक्सपोजर विजिट के तहत कक्षा 12वीं के छात्र दिगेश सेन और दुर्गेश साहू ने 24 अगस्त को राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली में 3डी शो, वीआर थिएटर और अटल इनक्यूबेशन सेंटर का भ्रमण किया। यहाँ उन्हें एआई, 3डी प्रिंटिंग, आइडिया प्रोटोटाइप, पेटेंट और स्टार्टअप प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। 28 अगस्त को विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने सुआ नृत्य प्रस्तुत किया। रागिनी साहू ने बताया कि मिशन शक्ति एसएटी के तहत अंतरिक्ष विज्ञान के साथ अन्य राज्यों और देशों के विद्यार्थियों से मिलने का अवसर मिला। कोडिंग, सोल्डरिंग और क्यूबसैट से जुड़ी गतिविधियां उनके लिए विशेष अनुभव रहीं। विद्यार्थी दिगेश सेन ने बताया कि शैक्षणिक यात्रा से नवाचार की दिशा में नई जानकारी मिली। अटल इनक्यूबेशन सेंटर के प्रोजेक्ट्स को देखकर वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु नवाचार तैयार करने की प्रेरणा मिली।
वहीं दुर्गेश साहू ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान केंद्र और अटल इनोवेशन सेंटर के भ्रमण से उन्हें तकनीकी क्षेत्र में कार्य करने की प्रेरणा मिली। ं की इस शैक्षणिक यात्रा और सहभागिता पर जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, शाला विकास समिति अध्यक्ष संदीप दीवान, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, सहायक संचालक नंदकिशोर सिन्हा तथा प्राचार्य जी.आर. सिन्हा ने जानकारी प्राप्त होने पर बधाई प्रेषित की।