महासमुन्द

ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में 3 युवकों की मौत, पीडि़त परिवार को 23.95 लाख मुआवजा
02-Sep-2026 1:56 PM
ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में 3 युवकों की मौत, पीडि़त परिवार को 23.95 लाख मुआवजा

 7 फीसदी वार्षिक ब्याज के साथ 2 माह में भुगतान करने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 सितम्बर। ग्राम शेर में ट्रैक्टर की टक्कर से हुई तीन युवकों की मौत में सुनवाई करते हुए द्वितीय मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण महासमुंद के पीठासीन अधिकारी आनंद बोरकर की अदालत अदालत ने बीमा कंपनी को 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ 23 लाख 95 हजार 249 रुपये की क्षतिपूर्ति राशि देने का आदेश दिया है। मामला 1 जून 2025 की रात का है। ग्राम शेर निवासी 20 वर्षीय तीरथ दीवान अपने दो साथियों वरुण नायक व केवल नायक के साथ बाइक से महासमुंद से गांव लौट रहा था। शेर गांव के पेट्रोल पंप बड़े डबरा के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक मनोज कुमार वर्मा ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाया और उसने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों को गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय तीरथ दीवान सहित तीनों युवकों की मौत हो गई। मृतक तीरथ दीवान ईंट भ_े में मुंशी का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था। मृतक तीरथ दीवान अपने परिवार का मुख्य सहारा था। वह ईंट भ_े में मुंशी का कार्य कर प्रतिदिन मजदूरी से अपने माता-पिता, बहन और छोटे भाई का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के पिता आसकुमार दीवान और माता योगेश्वरी दीवान ने अधिवक्ता धरम भार्गव के माध्यम से अधिकरण के समक्ष 36 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति का दावा प्रस्तुत किया था।

कोर्ट में प्रस्तुत जब्ती पत्रक, बीमा दस्तावेज, प्रत्यक्षदर्शी राजेश निषाद की गवाही के आधार पर अधिकरण ने बीमा कंपनी की दलीलों को खारिज कर दिया। इस मामले में पीठासीन अधिकारी आनंद बोरकर ने आदेश दिया कि बीमा कंपनी याचिका दायर होने की तिथि 3 जुलाई 2025 से अदायगी तक 7 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ 2 महीने के भीतर 23 लाख,95 हजार 249 रुपए की राशि का भुगतान करे। कोर्ट ने आदेश दिया है कि कुल क्षतिपूर्ति राशि में से मृतक के माता-पिता को 30 प्रतिशत ,  बहन को 25 प्रतिशत तथा नाबालिग भाई को 20 प्रतिशत हिस्सा दिया जाएगा। वयस्कों की राशि का 70 प्रतिशत हिस्सा एफडी में जमा रहेगा।


अन्य पोस्ट