महासमुन्द
लंबे समय से नहीं लगा स्वास्थ्य शिविर
ग्रामीणों का दावा: 8 साल में 20-22 मौतें,
पानी की गुणवत्ता पर सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31अगस्त। जिला मुख्यालय से महज 4 किलोमीटर दूर ग्राम झालखम्हरिया में किडनी की बीमारी ने ग्रामीणों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का दावा है कि पिछले करीब आठ वर्षों में गांव के 20 से 22 लोगों की किडनी संबंधी बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। जबकि वर्तमान में 5 से 6 लोग अस्पतालों में डायलिसिस करा रहे हैं। चांैकाने वाली बात यह है कि लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बावजूद बीमारी के कारणों की जड़ तक पहुंचने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। सबसे बड़ा सवाल गांव में पीने के पानी की गुणवत्ता को लेकर उठ रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीमारी के लगातार मामले सामने आने के बाद भी पिछले करीब दो वर्षों से गांव में स्वास्थ्य शिविर नहीं लगाया गया है। न ही व्यापक स्तर पर ग्रामीणों की किडनी की जांच कराई गई और न ही गांव में इस्तेमाल हो रहे विभिन्न जल स्रोतों की विस्तृत जांच को लेकर कोई ठोस अभियान चलाया गया। इससे ग्रामीणों में बीमारी को लेकर आशंका और भय दोनों बढ़ रहे हैं।
गांव में किडनी बीमारी के मामलों को देखते हुए पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर कराई गई जांच में पानी में फ्लोराइड की मात्रा नहीं मिली है। वहीं पानी में आयरन की मात्रा सामान्य से कुछ अधिक पाए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार झालखमारिया की कुल आबादी 2152 बताई गई है। वहीं गांव के कमार टोला में 16 परिवारों 55 सदस्य रहने का उल्लेख भी है।
ग्रामीणों चिंता यह है कि पाइप लाइन से मिलने के की वाले पानी के साथ-साथ जिन पुराने अथवा वैकल्पिक जल स्रोतों का इस्तेमाल किया जा रहा है, उनकी गुणवत्ता की स्थिति क्या है। गांव में मौजूद हैंडपंप, सार्वजनिक कुएं और अन्य जलस्रोतों की
जांच नहीं की गई है। ग्रामीणों द्वारा किडनी पिछले आठ वर्षों में 20 से 22 लोगों की बीमारी से मौत और 5 से 6 लोगों के डायलिसिस पर होने का दावा गंभीर है। लेकिन इन आंकड़ों की स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों के रिकॉर्ड से आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
झालखम्हरिया के ग्रामीणों का कहना है कि बीमारी से मौतें होती रहीं और परिवार इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाते रहे। लेकिन गांव में लंबे समय से व्यापक स्वास्थ्य शिविर नहीं लगा। यदि पानी कारण नहीं है तो यह स्पष्ट होना भी उतना ही जरूरी है और यदि किसी जलस्रोत में कोई स्वास्थ्य जोखिम सामने आता है, तो उसकी पहचान कर तत्काल वैकल्पिक पेयजल उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह का कहना है कि पानी में आयरन कंटेंट की मात्रा मिली है। लेकिन किडनी की समस्या क्यों हो रही है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। हमने पीएचई विभाग को जांच तथा स्वास्थ्य विभाग को कैंप लगाने कहा है।
बहरहाल, ग्रामीण चाहते हैं कि पेयजल स्रोतों का विस्तृत परीक्षण, किडनी रोग पीडि़त और मृत लोगों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड का विश्लेषण, घर-घर स्वास्थ्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से जांच चार स्तरों पर काम शुरू किया जाए तो बीमा की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकती है।