महासमुन्द
पिथौरा, 31 अगस्त। व्यापारी एकता मंच पिथौरा के निर्वाचन में निवर्तमान अध्यक्ष गोपाल शर्मा पुन: अध्यक्ष चुने गए हैं। चुनाव में कुल 296 मतदाताओं में से 290 मतदाताओं (286 पुरुष और 4 महिला) ने मताधिकार का प्रयोग किया। अग्रसेन भवन में संपन्न मतदान प्रक्रिया में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गोपाल शर्मा को 147 मत और सुमित अग्रवाल को 143 मत प्राप्त हुए। गोपाल शर्मा ने 4 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुमित पैनल के दिलप्रीत सिंह खनूजा को 158 मत मिले और उन्होंने 32 मतों से जीत दर्ज की। सचिव पद के प्रत्याशी गोपाल पैनल के इंद्रजीत सिन्हा को 162 मत प्राप्त हुए और वे 34 मतों के अंतर से विजयी रहे। कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी गोपाल पैनल के कुलवंत राजा खनूजा को 162 मत मिले और उन्होंने भी 34 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने कहा कि व्यापारी एकता मंच का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों और वरिष्ठ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे व्यापारी हित में कार्य करना जारी रखेंगे।