महासमुन्द

भालू ने वृद्धा पर किया हमला, जख्मी
30-Aug-2026 7:47 PM
भालू ने वृद्धा पर किया हमला, जख्मी

महासमुंद, 30 अगस्त। महासमुंद जिले के कोमाखान तहसील के ग्राम बाम्हनडीह में भालू ने बुजुर्ग महिला पर हमला कर घायल कर दिया। शनिवार सुबह करीब 8 बजे गांव की 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला केकती तिवारी पति मोतीलाल तिवारी जब अपने घर के पीछे स्थित बाड़ी का दरवाजा खोलने पहुंचीं, तभी वहां पहले से मौजूद भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। भालू के पंजों के सीधे प्रहार से महिला की जांघ पर गहरी खरोंचें आईं। लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्हें देखकर भालू जंगल की तरफ  भाग निकला। लहूलुहान हालत में पीडि़त महिला को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से भालू भूख लगने पर भोजन की तलाश में जंगल से गांव के नजदीक भटक रहा था। सूनापन पाकर वह सीधे बाड़ी में घुस गया। इसी दौरान महिला से उसका सामना हो गया।

घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

अब शाम ढलते ही लोग घर से बाहर अकेले निकलने से घबराने लगे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की तरफ  जाने से मना किया है।


अन्य पोस्ट