महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अगस्त। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय लंगेह के आदेश पर गठित जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने ग्राम बेलटुकरी स्थित मे. पिकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमि. का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला, श्रम पदाधिकारी डी.एन. पात्र, पर्यावरण विभाग के केमिस्ट गुलशन सिंगरौल, विधिक मापविज्ञान विभाग के निरीक्षक सिद्धार्थ दुबे, खनिज अधिकारी फागूलाल नागेश, उद्योग विभाग के प्रबंधक शशिकांत भुवाल एवं श्रम उप निरीक्षक अलीम अहमद नियाजी उपस्थित रहे।
निरीक्षण में 2 ट्रकों का पीयूसी समाप्त होने पर 4,000 जुर्माना वसूल किया गया। एक ट्रक का त्रैमासिक कर लंबित होने पर 3,575 कर वसूला गया। धर्मकांटा सत्यापित एवं मानक के अनुसार पाया गया। अन्य तौल उपकरणों की नियमित जांच करने और विधिक मापविज्ञान अधिनियम 2009 का पालन करने के निर्देश दिए गए। उद्योग, पर्यावरण एवं खनिज विभाग की जांच में स्थितियां सामान्य पाई गई। न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948, वेतन भुगतान अधिनियम 1936 और छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण निधि अधिनियम 1982 के तहत जांच की गई। मौके पर सूचना बोर्ड और अधिनियम का सारांश प्रदर्शित नहीं पाए जाने पर प्रबंधक को नोटिस जारी किया जा रहा है। इसके बाद टीम ने खुशी स्टोन इंडस्ट्रीज (ग्राम अछोली) का निरीक्षण किया। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बयान लिए गए। संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है। वहीं, जे.पी. मिनरल्स (ग्राम अछोली) की जांच के दौरान भी श्रमिकों के बयान दर्ज किए गए। दस्तावेज उपलब्ध न कराए जाने के कारण संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है।