महासमुन्द

खाद्यान्न वितरण में महासमुंद 26वें स्थान पर
27-Aug-2026 4:18 PM
खाद्यान्न वितरण में महासमुंद 26वें स्थान पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,27अगस्त। सार्वजनिक वितरण प्रणाली पीडीएस के तहत महासमुंद जिले की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में अगस्त माह के राशन वितरण का हाल बेहाल है। महीने के आखिरी दिन करीब आने के बावजूद जिले भर में राशन बांटने की गति बेहद धीमी बनी हुई है। इससे उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

विभागीय आंकड़ों और तकनीकी खामियों के चलते राशन वितरण की रफ्तार इतनी धीमी है कि हजारों परिवार अब भी अपने मासिक कोटे के अनाज का इंतजार कर रहे हैं। समय पर सरकारी चावल नहीं मिलने के कारण मजबूरन गरीब परिवारों को खुले बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ रहा है। जिससे उनके बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार जिले में संचालित जिला खाद्य शाखा से प्राप्त आधिकारिक कुल 602 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से हितग्राहियों को राशन वितरित किया जा रहा है। हालांकि प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक अब तक जिले में 77.95 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण हो सका है, जो कि राज्य के औसत वितरण 80.99 प्रतिशत से काफी नीचे है। निराशाजनक प्रदर्शन के कारण खाद्यान्न वितरण के मामले में महासमुंद जिला पूरे राज्य में 26वें स्थान पर पिछड़ गया है।

विभागीय रिपोर्ट के अनुसार अगस्त माह समाप्त होने में महज कुछ ही दिन शेष हैं। लेकिन जिले के 78,156 हितग्राही लगभग 22.05 प्रतिशत अब भी अपने हक के राशन से वंचित हैं। जिले की कई दुकानों की स्थिति बेहद चिंताजनक है। जहां वितरण का आंकड़ा बेहद कम दर्ज किया गया है। जिले की 5 दुकानों में वितरण 10 प्रतिशत से भी कम हुआ है और12 दुकानें ऐसी हैं जहां 10 से 30 प्रतिशत ही राशन बांटा जा सका है। 52 दुकानों में खाद्यान्न का उठान और वितरण 30 से 60 प्रतिशत के बीच अटका हुआ है।

विकासखंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पिथौरा और सरायपाली क्षेत्र की स्थिति सबसे खराब है। पिथौरा में 3 दुकानें और सरायपाली में 2 दुकानें ऐसी पाई गई हैं जहां 10 प्रतिशत से कम राशन बंटा है। वहीं महासमुंद, पिथौरा, बसना और सरायपाली के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में दर्जनों दुकानों में वितरण 60 प्रतिशत का आंकड़ा भी नहीं छू पाया है।

दूसरी ओर खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के गोदामों में आगामी महीनों के लिए राशन का आबंटन पहुंचना शुरू हो गया है। नियमानुसार जब तक दुकान संचालक चालू माह अगस्त का राशन पूरी तरह वितरित कर उसका हिसाब दर्ज नहीं करते, तब तक दुकानों में अगले महीनों के खाद्यान्न का भौतिक स्टॉक खाली जगह की कमी और तकनीकी नियमों की वजह से नहीं कराया जा सकेगा। यदि वितरण में यही देरी जारी रही तो आने वाले महीनों में भी राशन वितरण चक्र बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।


अन्य पोस्ट