महासमुन्द
महासमुंद, 26 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में 58 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम खैरा की 70 वर्षीय गंगाबाई ने आदिम जाति विकास विभाग से आर्थिक सहायता की मांग की। बताया कि उनका जीवन यापन बांस का बर्तन बनाकर बेचने से होता हैं, इस वर्ष उन्हें बांस नहीं मिल पाया है जिससे आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। इस पर कलेक्टर ने आदिम जाति विकास विभाग को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु निर्देशित किया।
इसी तरह ग्राम कांपा निवासी उमेश कुमार तारक ने एग्रीस्टेक पंजीयन, ग्राम लाफिनकला निवासी सुखराम साहू ने शौचालय निर्माण की राशि प्रदाय करने, बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवरी के राकेश चंद्राकर ने गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने, ग्राम अरंड की पार्वती साहू ने अपने गैस कार्ड में दर्ज आधार नंबर सुधार, ग्राम सुखीडबरी के मोहन लाल महोबिया ने खेत में फसल डूबने से क्षतिपूर्ति राशि देने, बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम गिधली निवासी सुरेश अग्रवाल ने स्वेच्छानुदान मद से आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया। इसके अलावा नामान्तरण, भूमि अतिक्रमण, पेंशन सहित अन्य मांग एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद,अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।