महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,26अगस्त। शिक्षक संवर्ग की लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने महासमुंद में प्रदर्शन किया। बरोंडा चौक स्थित दुर्गा मंदिर के पास धरने के बाद शिक्षक रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री और संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षकों ने टीईटी की अनिवार्यता का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की।
मोर्चा के जिला संयोजक नारायण चौधरी और विजय कुमार घृतलहरे ने शासन से शिक्षक हित में लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की। मोर्चा ने सेवारत शिक्षक संवर्ग के लिए टी ई टी की अनिवार्यता समाप्त करने और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी।
ज्ञापन में सुप्रीम कोर्ट द्वारा टीईटी के लिए 31 अगस्त 2028 तक का समय दिए जाने का उल्लेख करते हुए इस संबंध में जल्द आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की गई। शिक्षक एलबी संवर्ग की पंचायत संवर्ग में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करने की मांग भी उठाई गई। संगठन ने पूर्व सेवा को जोडक़र पूर्ण पुरानी पेंशन समेत शिक्षा विभाग में लागू सभी लाभ देने की मांग की है। इसके अलावा लंबित वेतन विसंगतियां दूर कर केंद्रीय वेतनमान संरचना के आधार पर वेतन निर्धारण करने का आग्रह किया गया।
मोर्चा ने 13 फरवरी 2026 के राजपत्र में जारी छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा शैक्षणिक एवं प्रशासनिक संवर्ग भर्ती एवं पदोन्नति नियम में एलबी संवर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधन की मांग की। साथ ही बीएड शिक्षक संवर्ग के लिए शिक्षा विभाग द्वारा योजना बनाकर ब्रिज कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई। मोर्चा ने शासन से सभी मांगों और समस्याओं का जल्द निराकरण कर आवश्यक आदेश जारी करने की मांग की है।