महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,25अगस्त। आम आदमी पार्टी के प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान के तहत सावन के अंतिम सोमवार को महासमुंद लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में विशेष सदस्यता अभियान चलाया गया। पार्टी के प्रदेश सचिव एवं महासमुंद विधानसभा प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में आयोजित अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और आम आदमी पार्टी की जनहितकारी नीतियों एवं मुद्दों से प्रभावित होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सिरपुर में आयोजित सदस्यता अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने आम जनता से संवाद कर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महंगाई, बिजली, किसानों एवं आम नागरिकों से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता लेकर जनहित की राजनीति को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संजय यादव ने कहा कि सावन के अंतिम सोमवार के शुभ अवसर पर ऐतिहासिक नगरी सिरपुर से सदस्यता अभियान की शुरुआत को जनता का जिस तरह समर्थन मिला है, वह आने वाले समय में महासमुंद में बदलाव की नई तस्वीर दिखा रहा है। आम आदमी पार्टी की राजनीति आम जनता के मुद्दों, उनके अधिकारों और बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष की राजनीति है।
उन्होंने कहा कि अब बड़ी संख्या में लोग स्वयं आगे आकर आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं। यह केवल सदस्यता नहीं, बल्कि व्यवस्था में बदलाव के लिए जनता की भागीदारी है। हमारा लक्ष्य महासमुंद लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र के हर गांव, हर वार्ड और हर परिवार तक पहुंचकर लोगों को पार्टी की विचारधारा एवं जनहित के मुद्दों से जोडऩा है।
पार्टी का सदस्यता अभियान लगातार जारी रहेगा और आने वाले दिनों में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।
इस दौरान महासमुंद जिला महासचिव मधु यादव, जिला सचिव मोहन साहू, आगेश्वर यादव सहित आम आदमी पार्टी के अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।