महासमुन्द

108 एंबुलेंस में तकनीकी खराबी, परिजन बच्ची को दुपहिया से ले गए अस्पताल
25-Aug-2026 4:11 PM
108 एंबुलेंस में तकनीकी खराबी, परिजन बच्ची को दुपहिया  से ले गए अस्पताल

महासमुंद , 25 अगस्त। महासमुंद जिले के कोमाखान तहसील अंतर्गत ग्राम पंडरीपानी में 108 एंबुलेंस सेवा के वाहन में तकनीकी खराबी आने का मामला सामने आया है। बीमार बच्ची के परिजनों ने वाहन के चालू न होने पर उसे दोपहिया वाहन से 30 किलोमीटर दूर बागबाहरा स्थित अस्पताल पहुंचाया।

ग्राम पंडरीपानी निवासी गुमान पांडे के अनुसार, उनकी ढाई वर्ष की पुत्री प्रियंशी पांडे पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीडि़त थी। सोमवार को तबीयत अधिक बिगडऩे पर परिजनों ने 108 आपातकालीन सेवा को कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस क्रमांक सीजी 04 एक्स 1685 गांव पहुंची, परंतु तकनीकी खराबी के कारण वाहन स्टार्ट नहीं हो सका। परिजनों के अनुसार लगभग एक घंटे तक वाहन चालू करने का प्रयास किया गया। इसके पश्चात परिजन बच्ची को बाइक से बागबाहरा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।

मामले में बागबाहरा के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बुधियार सिंह बढ़ई ने बताया कि वाहन में तकनीकी खराबी आने की जानकारी मिली है। दूसरी एंबुलेंस भेजने के संबंध में विवरण की समीक्षा की जा रही है। बीएमओ ने कहा कि एक सप्ताह से उपचार के उपरांत भी स्थिति में सुधार न होने पर संबंधित डॉक्टर द्वारा रेफर की प्रक्रिया की जानी चाहिए थी। उन्होंने परिजनों से संपर्क कर बच्ची को नियमानुसार बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही है।


अन्य पोस्ट