महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 25 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर पिथौरा बस स्टैंड परिसर में बड़ी संख्या में राखी दुकानें लगाए जाने के कारण बसों का बस स्टैंड में प्रवेश और आवागमन बाधित हुआ है। इस स्थिति से बस स्टैंड के स्थायी व्यापारियों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड परिसर में बसों के खड़े होने के स्थान पर राखी विक्रेताओं द्वारा अस्थायी दुकानें लगा ली गई हैं। इसके चलते बस ऑपरेटरों द्वारा बसों को बस स्टैंड परिसर के भीतर लाने के बजाय अन्य स्थानों से ही संचालित किया जा रहा है।
बस स्टैंड स्थित स्थायी दुकानदारों का कहना है कि बसों का प्रवेश बंद होने से उनका व्यावसायिक कार्य प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने की वैकल्पिक स्थान की मांग
बस स्टैंड के व्यवसायियों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि त्यौहारी सीजन में लगने वाली अस्थायी दुकानों के लिए परिसर से पृथक स्थान निर्धारित किया जाए, ताकि बस स्टैंड में बसों का आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके और यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।