महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 24 अगस्त। ओडि़शा से गांजा खरीदकर महासमुंद के रास्ते अन्य प्रांतों में परिवहन करते तीन अलग-अलग मामलों में पांच लोगों के अलावा एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पहले मामले में ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे गांजे की एक बड़ी खेप सिंघोड़ा पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी एक बाइक से पीठ्ठू बैग में छिपाकर 15.720 किलो गांजा कीमती 7.86 लाख रुपए ले जा रहे थे। गांजा बरामद कर दो आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार एनएच-53 पर पुलिस की चेकिंग जारी थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ओडि़शा से एक मोटरसाइकिल गांजा लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रही है। मुखबिर के बताए हुलिए पर एक मोटरसाइकिल को रोक कर पूछताछ की गई। उसमें सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम कलीम शेख महाराष्ट्र तथा राजेश धुनधरे महाराष्ट्र बताया।
दोनों ने अपने पास रखे पिट्ठू बैग में गांजा होना बताया। बताया कि उक्त गांजा को बिनका जिला सोनपुर ओडि़शा से अमरावती महाराष्ट्र ले जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से 15.720 किलो कीमती 7लाख,86 हजार रुपए, 02 नग मोबाइल कीमती 10 हजार रुपए, एक मोटर सायकल कीमती 40 हजार रुपए जब्त कर दोनों को अपराध धारा 20 ख के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
दूसरे प्रकरण में एनएच-53 रेहटीखोल जांच नाके पर सिंघोड़ा पुलिस ने 33.780 किलो गांजा कीमती 16.39 लाख संग एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी टोयटा कार की डिक्की में छिपाकर गांजा ओडि़शा से नागपुर ले जा रहा था।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ग्रे कलर के टोयटा कार में एक व्यक्ति गांजा लेकर ओडि़शा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर एनएच 53 रोड रेहटीखोल में वाहन चेंकिग के दौरान एक ग्रे कलर की टोयटा कार आई। उक्त कार को रोका गया। कार में एक व्यक्ति सवार था। पूछताछ में उसने अपना नाम महेश रेड्डी कर्नाटक बताया।
उन्होंने अपनी टोयटा कार के डिक्की में मादक पदार्थ गांजा होना बताया। यह भी बताया कि उक्त गांजा को जिला बलांगीर ओडिशा से नागपुर महाराष्ट्र ले जा रहा है। कार से 33.780 किलोग्राम कीमती 16 लाख,89 हजार रुपए, 01 नग मोबाइल कीमती 10 हजार रुप, एक ग्रे कलर का टोयटा कार कीमती 2लाख, 20 हजार रुपए जब्त कर आरोपी को अपराध धारा 20 ख के तहत विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
तीसरे मामले में कोमाखान रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने दो युवकों और एक नाबालिग को ओडिशा से गांजा लेकर मुंगेली जाने के लिए ट्रेन का इंतजार करते पकड़ा है। मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन में घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर गांजा बरामद किया गया।
थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेल्वे स्टेशन के पास 03 व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार करते खड़े हंै। सूचना पर घेराबंदी कर कोमाखान रेल्वे स्टेशन में 03 संदेही व्यक्ति से पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपना नाम राहुल साहू पौंसरी थाना पथरिया जिला मुंगेली, आयुष यादव पथरिया थाना पथरिया जिला मुंगेली बताया। तीसरा विधि से संघर्षरत बालक था।उक्त मादक पदार्थ गांजा को रामपुर ओडि़शा से पथरिया जिला मुंगेली लेकर जा रहे थे। आरोपियों के विरूद्ध धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट पंजीबद्ध कर दो आरोपियों को जेल तथा नाबालिग को बाल सम्पेक्षण गृह भेजा गया।