महासमुन्द

स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में प्रस्तावित स्मारक निर्माण के लिए राशि स्वीकृति मांग
24-Aug-2026 3:11 PM
स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में प्रस्तावित स्मारक  निर्माण के लिए राशि स्वीकृति मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,24अगस्त। अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन,जिला महासमुंद ने शहीद वीर नारायण सिंह परिसर में जिले के 146 स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में प्रस्तावित स्मारक निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत करने की मांग की है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया तथा त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की मिसाल कायम की। आने वाली पीढय़िों को उनके योगदान से परिचित कराने के उद्देश्य से शहीद वीर नारायण सिंह परिसर में 146 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में मूर्ति स्थापना प्रस्तावित है। संगठन ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में बनने वाला यह स्मारक महासमुंद जिले के लिए गौरव का विषय होगा और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता आंदोलन के नायकों के त्याग एवं योगदान से परिचित कराने का माध्यम बनेगा। ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष नारायण नामदेव सहित संरक्षक श्रीधर चंद्राकर,महामंत्री कुबेरप्रकाश गिरी, संगठन मंत्री बसंत चंद्राकर, सच्चिदानंद चंद्राकर, सुभाष पोद्दार, सतीश चंद्राकर, शेषनारायण नामदेव, मनोहर महंती, चैतन्य शंकर शर्मा, आनंद गिरी गोस्वामी, मनोज गिरी, रोमांतक गिरी आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट