महासमुन्द
कांग्रेस नेता ने की निष्पक्ष जांच की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 24 अगस्त। कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सत्ताधारी दल के स्थानीय नेताओं पर नौकरी लगाने के नाम पर राशि वसूली करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में प्रस्तुत शिकायतों और शपथ पत्रों का हवाला दिया है।
अंकित बागबाहरा के अनुसार, महासमुंद जिले के कई व्यक्तियों ने उनसे संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पीडि़तों द्वारा पूर्व में 16 जून 2026 को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव तथा एक जुलाई को गृह मंत्री विजय शर्मा को लिखित शिकायत भेजी गई थी।
शिकायत पत्र के हवाले से जारी विवरण में निम्नलिखित व्यक्तियों से प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए रेलवे, राजस्व एवं समग्र शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर राशि लेने का उल्लेख किया गया है, जिसमें ओंकार सिन्हा द्वारतराकला — 1.30 लाख रुपये, डिगेश सिन्हा भलेसर — 1.30 लाख रुपये, भारतेंद्र भोरिंग — 2.50 लाख रुपये, ममता अकोलो खुर्द — 30 हजार रुपये, रेणुका देवादा — 30 हजार रुपये, तोषण काँपा— 1.50 लाख रुपये, देवेंद्र परसाडीह — 1.30 लाख रुपये, अतुल तेलासी — 1.30 लाख रुपये, शबनम भोरिंग — 80 हजार रुपये। कांग्रेस नेता ने बताया कि इन लिखित शिकायतों के समर्थन में 14 जुलाई की तिथि वाले दो शपथ पत्र भी संलग्न किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं में पोखन ढीढ़ी, भुखन सिन्हा, कंवल सिन्हा, बलराम सिन्हा एवं मकसूद खान गवाह के रूप में शामिल हैं। अंकित बागबाहरा ने कहा कि पीडि़तों द्वारा प्रस्तुत पत्रों व शपथ पत्रों के आधार पर इस प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच होनी चाहिए तथा प्रभावित व्यक्तियों की राशि वापस दिलाई जानी चाहिए।