महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24अगस्त। नगर की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग नगर में नवीन बस स्टैंड एवं नवीन नगर पालिका भवन के निर्माण हेतु मंत्री श्री साव द्वारा राशि की घोषणा की गई है। नगर पालिका भवन हेतु 3.50 करोड़ रुपए एवं नवीन बस स्टैंड हेतु 6.50 करोड़ रुपए की घोषणा के बाद नगर में हर्ष का माहौल है। इस ऐतिहासिक सौगात के लिए नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने समस्त महासमुंदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राशि की घोषणा की खुशी में नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखलकांत साहू के नेतृत्व में नगर पालिका के समस्त सभापतिगण एवं पार्षदगणों ने स्थानीय नेहरू चौक एवं अंबेडकर चौक पर आतिशबाजी कर एवं एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया।
उन्होंने इस सौगात के लिए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन विकास विभाग मंत्री अरुण साव, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सभापति जय देवांगन. जितेंद्र ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, पार्षद मुश्ताक खान, नीरज चंद्राकर. ओमीन कागजी, सुनैना ठाकुर. जरीना कुरैशी, धनेन्द्र चंद्राकर, राहुल आवड़े, चंद्रशेखर बेलदार आदि उपस्थित थे।