महासमुन्द

नए बस स्टैंड और नगर पालिका भवन के लिए साव ने की 10 करोड़ की घोषणा
23-Aug-2026 7:50 PM
नए बस स्टैंड और नगर पालिका भवन के लिए साव ने की 10 करोड़ की घोषणा

नपाध्यक्ष ने उप मुख्यमंत्री और विधायक सिन्हा का आभार जताया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 अगस्त। नगर वासियों की बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। नगर को शीघ्र ही नवीन बस स्टैंड और नगर पालिका के नए भवन की सौगात मिलने वाली है। इसके लिए कल नगर पालिका अध्यक्ष निखिल मनोजकांत  साहू ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव व विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के समक्ष मांग रखी थी।

पालिकाध्यक्ष साहू की मांग और विशेष आग्रह पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन विकास विभाग के मंत्री अरुण साव ने नगर पालिका भवन के लिए साढ़े 3 करोड़ रुपये और नए बस स्टैंड के लिए साढ़े 6 करोड़ रुपये की घोषणा की है।

शनिवार को नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत 21 करोड़ 68 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन का आयोजन स्थानीय लोहिया चौक में किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की मांग पर उक्त राशि की घोषणा की। नपाध्यक्ष श्री साहू के आग्रह को स्वीकार करते हुए उन्होंने नए बस स्टैंड के लिए साढ़े 6 करोड़ और नगर पालिका के नवीन भवन के लिए साढ़े 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

राशि की घोषणा होने पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और क्षेत्रीय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नगरवासियों की सुविधा के लिए नए बस स्टैंड की महती आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, वहीं वर्तमान पालिका भवन पुराना होने से नए भवन की भी दरकार थी। दोनों मांगे पूरी होने से शहर की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होगी।

उल्लेखनीय है कि लगातार नगर पालिका अध्यक्ष श्री साहू द्वारा बस स्टैंड और नगर पालिका भवन के लिए शासन स्तर पर प्रयास किया जा रहा था और आज उनका प्रयास रंग लाया है। नगर पालिका अध्यक्ष सहित समस्त पार्षद गणों ने इस सौगात के लिए मंत्री अरुण साव और पालिका के विकास में लगातार सहयोग के लिए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का गजमाला पहनाकर स्वागत किया और धन्यवाद ज्ञापित किया है।

इस अवसर पर विशेष रूप से चंद्रहास चंद्राकर बीज निगम अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष येतराम साहू, पूनम चंद्राकर, डॉ विमल चोपड़ा, संदीप दीवान, मोती साहू, सहित नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति जय देवांगन, सूरज नायक, जितेंद्र ध्रुव, श्रीमती ज्योति रिंकू चंद्राकर,  पार्षद गण मुश्ताक खान, ओमिन टोमन कागजी, हरबंश नानू भाई, नीरज चंद्राकर, धर्मेंद्र चंद्राकर, पवन पटेल, माखन पटेल, बड़े मुन्ना देवार, चंद्रशेखर बेलदार, पीयूष साहू, निश्चय चन्द्राकार, राहुल आवड़े, सीता तोड़ेकर, शुभ्रा शर्मा, प्रीति मक्कड़, कल्पना सूर्यवंशी, धनेश्वरी सोनवानी, सुनैना ठाकुर, जरीना कुरैशी, भारती चंद्राकर, एल्डरमैन लाल विजय सिंह, मधु यदु, प्रभा साहू, हनीश बग्गा आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट