महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अगस्त। नगर पालिका परिषद महासमुंद द्वारा आयोजित विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन व विकास मंत्री अरुण साव के लोहिया चौक, महासमुंद पहुंचने पर वार्ड नं. 07 के पार्षद एवं शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुस्ताक खान (विक्की) ने उनसे मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पटरी पार संघर्ष समिति के संयोजक के रूप में ज्ञापन सौंपते हुए मुस्ताक खान (विक्की) ने उपमुख्यमंत्री का ध्यान नयापारा क्षेत्र की जर्जर और खस्ताहाल मुख्य सडक़ की ओर आकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि गुलशन चौक से एकता चौक, नयापारा पेट्रोल पंप होते हुए बेमचा रोड तक की सडक़ बेहद जर्जर स्थिति में है, जिससे नागरिकों को आवागमन में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया कि सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने के कारण गड्ढों की गहराई का पता नहीं चलता। इससे रोजाना आवागमन करने वाले स्कूली बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दो-पहिया वाहन चालक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं तथा चार-पहिया वाहनों की वजह से राहगीरों पर गंदा पानी और कीचड़ उछलता है। जर्जर सडक़ की वजह से गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में एंबुलेंस को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
पार्षद मुस्ताक खान (विक्की) ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से जनहित में मांग की है कि नयापारा क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता देते हुए गुलशन चौक से बेमचा रोड तक सडक़ का तत्काल निरीक्षण करवाया जाए एवं गुणवत्तापूर्ण सडक़ निर्माण तथा मरम्मत कार्य जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए जाएं।