महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 23 अगस्त। छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल योजना के तहत खल्लारी विधानसभा के ग्राम मोहगांव स्थित शासकीय हाईस्कूल में 49 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच नरेंद्र दीवान ने की। अति विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत उपाध्यक्ष तरुण तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष खल्लारी लोकेश पनुरिया रहे।
इस अवसर पर भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बेटियों की शिक्षा को आसान बनाने और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी तथा वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
उन्होंने कहा कि आज की बेटियां ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारे विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। शिक्षा के माध्यम से बेटियों को सशक्त बनाना ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूत कदम है।
श्री ठाकुर ने छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र बनाने में आ रही समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस विषय में उन्होंने पूर्व में जिला कलेक्टर को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया है। परिवार के मुखिया के जाति प्रमाण पत्र के आधार पर छात्र-छात्राओं के प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने के संबंध में आवश्यक पहल की जा रही है।
छात्राओं ने शासन की इस जनकल्याणकारी योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में पुरन शबर, शाला समिति अध्यक्ष राजेश दास मानिकपुरी, उपाध्यक्ष ममता दीवान, सदस्य चेतन साहू, पालक उदय साहू, सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश ध्रुव, प्राचार्य देवेंद्र चंद्राकर, कोमलचंद साहू, नाथूराम साहू सहित शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।