महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 अगस्त। महासमुंद जिले में मानसिक तनाव के चलते पिछले एक हफ्ते के भीतर दो विद्यार्थियों ने आत्महत्या कर ली। ताजा मामला बुधवार की सुबह की है जब ग्यारहवीं कक्षा की एक छात्रा ने पटरी पर ट्रेन के आगे कटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
बुधवार सुबह करीब 7 बजे महासमुंद रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को की-मैन ने रेलवे पटरी पर एक युवती का शव पड़े होने की सूचना दी थी। किशोरी का शव पटरी पर पोल नंबर 54-13 और 54-15 के बीच मिला। सूचना मिलते ही स्टेशन अधिकारी, आरपीएफ, स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान महासमुंद निवासी गीतांजलि यादव के रूप में हुई।
परिजनों ने बताया कि वह शहर के निजी स्कूल द न्यू होलीफेथ में 11वीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता अनिल कुमार यादव शासकीय स्कूल अचानकमार में हेडमास्टर हैं।
परिजनों के अनुसार गीतांजलि की 10वीं कक्षा की पूरक कंपार्टमेंट परीक्षा का परिणाम 13 अगस्त को आया था जिसमें वह फेल हो गई थी। परिणाम के बाद से वह लगातार तनाव और मानसिक परेशानी में थी। 14 अगस्त के बाद से वह स्कूल भी नहीं जा रही थी। बुधवार तडक़े करीब 4 बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई। सुबह उसकी मौत की खबर आई।
इसके अलावा महज एक सप्ताह पहले 12 अगस्त को कांपा स्थित कृषि कॉलेज एवं अनुसंधान केंद्र के हॉस्टल में बीएससी फस्र्ट ईयर के 21 वर्षीय छात्र चुम्मन प्रधान ने आत्महत्या कर ली थी। तीन विषयों में पूरक आने से वह भयंकर मानसिक तनाव में था। उसने हॉस्टल के कमरे में चादर से फांसी का फंदा बनाया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला था। उसमें उसने पूरक आने का जिक्र किया था। उसने परिजनों से माफी मांगी थी।
जिला अस्पताल के मनोरोग चिकित्सक व परामर्शदाता डॉ. रामगोपाल खुंटें ने अभिभावकों और शिक्षकों को यह सलाह दी है कि पालक बच्चों के साथ दोस्ताना और नियमित बातचीत करें। वे अपने मन की बात बिना झिझक साझा कर सकें। तुलना से बचें। अपने बच्चों की तुलना कभी भी अन्य छात्रों या उनके अंकों से न करें। इससे आत्मविश्वास टूटता है।
यदि बच्चे के व्यवहार में अचानक गुमसुम रहना, कम बोलना,पढ़ाई से दूरी जैसे बदलाव दिखें,तो उसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें।