महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 अगस्त। परिवहन विभाग, यातायात पुलिस एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की संयुक्त जांच टीम द्वारा सोमवार को जिले में चिन्हित तीन नवीन ब्लैक स्पॉट का स्थल निरीक्षण किया गया। सडक़ दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने तथा इन स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के लिए टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की रूपरेखा तैयार की। निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला, यातायात पुलिस से उप पुलिस अधीक्षक यातायात गोपाल ध्रुवे तथा एनएचएआई के अधिकृत अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में चिन्हित नवीन ब्लैक स्पॉट में करणी कृपा प्लांट, तुमगांव, एनएच-53, बावनकेरा चौक, थाना पटेवा, एनएच.53 तथा न्यू गिल ढाबा, साल्हेतराईं थाना बसना, एनएच-53 शामिल हैं। संयुक्त जांच टीम द्वारा तीनों स्थानों का मौके पर विस्तृत निरीक्षण कर दुर्घटना संभावित कारणों एवं आवश्यक यातायात सुरक्षा उपायों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक उपायों के लिए रूपरेखा निर्धारित की गई तथा संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ संपादित करने पर सहमति प्रदान की गई।