महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 अगस्त। राष्ट्रीय राजमार्ग.53 पर कटंगार के पास हुए सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मामले में तुमगांव पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ धारा 281, 125,106-1 बीएनएस एवं मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 मार्च 2026 की रात करीब 9.30 बजे कटंगार के पास एक अज्ञात ट्रक चालक ने वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए शिवचरण दीवान की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में शिवचरण दीवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे प्रकाश यादव को भी चोटें आईं। पुलिस ने मर्ग जांच क्रमांक 44-26 की जांच के बाद प्रकरण दर्ज कर अज्ञात ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बताया गया है कि घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया था। पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।