महासमुन्द
मशाल रैली निकालकर किया विरोध प्रदर्शन,
वंदे मातरम् के सम्मान का दिया संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 अगस्त। भारतीय जनता युवा मोर्चा भाजयुमो के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान एवं प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में भाजयुमो जिला महासमुंद द्वारा जिलाध्यक्ष अमन वर्मा के नेतृत्व में मशाल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन किया और राष्ट्रीय गीत के सम्मान का संदेश दिया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष अमन वर्मा ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् के गायन को लेकर कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने घोर अनादर का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति, राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रभावना से जुड़ी हर चीज का विरोध करना कांग्रेस की नीति बन गई है।
अमन वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रभावना का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने मांग की कि यदि कांग्रेस में देशभक्ति की भावना है तो वह राष्ट्रगीत के कथित अपमान के लिए 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस नेताओं का कथित विरोध उनकी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति संविधान, तिरंगे, स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की संप्रभुता और अखंडता में विश्वास रखता है, वह स्वतंत्रता दिवस पर वंदे मातरम् के गायन से नाराज कैसे हो सकता है।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का वंदे मातरम् को लेकर विरोध केवल एक गीत का विरोध नहीं, बल्कि देश की राष्ट्रभावना और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति असम्मान की उसकी नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजयुमो राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान के लिए सदैव आवाज उठाता रहेगा। मशाल रैली के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत के सम्मान और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बीज निगम अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर, भाजपा जिला महामंत्री थान सिंह दीवान,भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर,जिला मंत्री मनीष बंसल, जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, भाजयुमो जिला प्रभारी अनु ठेठवार चटर्जी, सह प्रभारी सत्यम चंद्राकर, प्रदेश विधि एवं तकनीकी प्रमुख प्रणय थीटे थे। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश मंत्री अरविंद प्रहारे आदि इस अवसर पर मौजूद थे।