महासमुन्द

सील तोडक़र ट्रक से साढ़े 3 लाख के कपड़ों की चोरी
18-Aug-2026 4:31 PM
सील तोडक़र ट्रक से साढ़े  3 लाख के कपड़ों की चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18अगस्त। बसना क्षेत्र स्थित सांकरा थाना के एक पेट्रोल पम्प के पास खड़े मालवाहक ट्रक से सील तोडक़र लाखों रुपए के कपड़े चोरी होने का मामला सामने आया है।

 ग्राम लोहराकोट स्थित पेट्रोल पंप के पास सडक़ किनारे खड़े ट्रक की ट्रॉली का सील तोडक़र अज्ञात चोरों ने वी-टू शोरूम के ड्रेस मटेरियल से भरे 15 पैकेट पार कर दिए। चोरी गए कपड़ों की कीमत 3 लाख 57 हजार बताई गई है। चालक की शिकायत पर सांकरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ  भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 सी के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 जानकारी के अनुसार ओडि़शा के सोनपुर जिले के ग्राम जगदलपुर निवासी चालक धनमाली जेना ट्रक क्रमांक ओडी 02ब्रीसी 0147 चलाता है। 25 जुलाई की रात करीब 11.55 बजे उसने महासमुंद स्थित वी-टू शोरूम से ड्रेस मटेरियल लोड किया और ट्रक लेकर झारसुगुड़ा, ओडि़शा के लिए रवाना हुआ था।

रात में सफर के दौरान लोहराकोट के पास चालक को नींद आने लगी। इसके बाद उसने ग्राम लोहराकोट स्थित बीपीसीएल पेट्रोल पंप के सामने सडक़ किनारे ट्रक खड़ा किया और वाहन में ही सो गया। 26 जुलाई की सुबह करीब 7.30 बजे क्षेत्र में भारी बारिश हो रही थी। बारिश के कारण चालक ने ट्रक की ट्रॉली और सील की जांच किए बिना ही वाहन लेकर झारसुगुड़ा के लिए रवाना हो गया। झारसुगुड़ा स्थित गोदाम में माल उतारने के दौरान ट्रॉली का सील टूटा हुआ मिला।

संदेह होने पर माल की गिनती कराई गई तो वी-टू शोरूम के ड्रेस मटेरियल के 15 पैकेट गायब मिले। इसके बाद कंपनी प्रबंधन को घटना की जानकारी दी गई। माल की जांच के बाद कंपनी के प्रबंधक और चालक चोरी की घटना की पड़ताल करने लोहराकोट पहुंचे। जिस स्थान पर ट्रक खड़ा किया गया था,उसके सामने स्थित पेट्रोल पंप के निगरानी कैमरों की तस्वीरों से घटना का सुराग मिलने की उम्मीद थी।

दोनों ने पेट्रोल पंप संचालक से निगरानी कैमरों की तस्वीरें दिखाने का अनुरोध किया। लेकिन कैमरे खराब होने की जानकारी दी गई। इससे चोरी की घटना से संबंधित तत्काल कोई तस्वीर उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद चालक धनमाली जेना ने सांकरा थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत पुलिस को दी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ  अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब चोरी गए कपड़ों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही ट्रक के लोहराकोट में खड़े रहने के दौरान वहां की गतिविधियों और आसपास के संभावित सुरागों की जांच कर रही है। लाखों रुपए का माल चोरी होने से मामले को लेकर कंपनी प्रबंधन भी सक्रिय है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट