महासमुन्द

बार नवापारा वनांचल के ग्रामीणों ने उठाई सडक़, बिजली और मोबाइल नेटवर्क की मांग
18-Aug-2026 2:51 PM
बार नवापारा वनांचल के ग्रामीणों ने उठाई सडक़, बिजली और मोबाइल नेटवर्क की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 18 अगस्त। बलौदाबाजार जिले के बार नवापारा अभ्यारण्य क्षेत्र अंतर्गत छतालडबरा, मुरूमडीह, रवान, मोहदा और कौहाबाहरा सहित आसपास के वन ग्रामों के निवासियों ने सडक़, विद्युत और मोबाइल कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। ग्रामीणों द्वारा सोशल मीडिया और प्रशासनिक पोर्टलों के माध्यम से अपनी समस्याएं उठाई जा रही हैं।

बार क्षेत्र के स्थानीय वाट्सऐप ग्रुप में ग्रामीणों द्वारा छतालडबरा से मुरूमडीह मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि छतालडबरा से मुख्य बाजार और अस्पताल जाने के लिए यही मुख्य मार्ग है। वर्षा ऋतु के दौरान मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण एंबुलेंस और चार पहिया वाहनों का पहुंचना कठिन हो जाता है।

 ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में हाथियों का विचरण रहता है, जिससे खराब सडक़ पर आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग द्वारा लकड़ी परिवहन के लिए मार्ग का उपयोग किया जाता है, किंतु स्थानीय आवागमन हेतु पक्की सडक़ के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने में समस्याएं आती हैं।

इसके अतिरिक्त, ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि विधायक निधि या उपलब्ध अन्य मदों का उपयोग कर इस मार्ग को चलने योग्य बनाया जाए। एक ग्रामीण ने बताया कि सुशासन अभियान के तहत ग्राम मुरूमडीह में विद्युत सुविधा हेतु आवेदन दिए गए थे, जिन्हें प्रशासन द्वारा संबंधित क्षेत्र को कोर एरिया बताते हुए निरस्त कर दिया गया था।

ग्रामीणों का तर्क है कि यदि क्षेत्र को कोर एरिया घोषित कर विद्युत विस्तार रोका गया है, तो वहां वन विकास निगम द्वारा किसी भी प्रकार की लकड़ी कटाई की गतिविधियों पर भी रोक लगनी चाहिए और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।


अन्य पोस्ट