महासमुन्द

गांव की चारागाह जमीन बचाने पूर्व विधायक संग कलेक्टोट पहुंचे कोकड़ी के ग्रामीण
17-Aug-2026 8:31 PM
गांव की चारागाह जमीन बचाने पूर्व विधायक संग कलेक्टोट पहुंचे कोकड़ी के ग्रामीण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 16 अगस्त। महासमुंद जिले के ग्राम कोकड़ी के सैकड़ों ग्रामीण पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर के नेतृत्व में जिला कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव की चारागाह भूमि को सुरक्षित रखने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी निस्तारी भूमि को रिसार्ट और औद्योगिक उपयोग के लिए आवंटित किया जा रहा है, जिससे गांव के पशुपालन और आजीविका पर सीधा संकट आ जाएगा। 

ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम कोकड़ी ग्राम पंचायत खट्टा, रानिमं पटेवा, उपतहसील पटेवा में स्थित खसरा नंबर 162, 163, 164 और 289 कुल 20.71 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में घास चारागाह मद में दर्ज है। यह भूमि पीढिय़ों से गांव के 125 मवेशियों के चराई और निस्तार का एकमात्र साधन रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इसी भूमि में से 2.40 हेक्टेयर को रिसार्ट निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को तथा शेष 14.17 हेक्टेयर को जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को आवंटित करने का प्रस्ताव है। ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव क्रमांक 01 दिनांक 01 जनवरी 2025 के माध्यम से इस आवंटन पर आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बावजूद आदेश जारी किया गया। 

इस दौरान पूर्व विधायक श्री चंद्राकर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिना ग्रामीणों की सहमति के उनकी जमीन का अधिग्रहण करना अन्याय की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि गांव में पहले से ही चारागाह के लिए पर्याप्त जमीन नहीं है। अगर यह भूमि भी औद्योगिक और रिसार्ट के नाम पर ले ली गई तो यहां के किसानों और पशुपालकों के सामने चारागाह का भीषण संकट खड़ा हो जाएगा। मवेशी भूखे मरेंगे और किसान बर्बाद हो जाएंगे। 

ॅश्री चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश के जल, जंगल और जमीन को बड़े उद्योगपतियों को बेचने में लगी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भू.राजस्व संहिता 1959 की धारा 237 के तहत किसी भी गांव की कुल कृषि भूमि के 2 प्रतिशत से अधिक भूमि को अन्य प्रयोजन के लिए नहीं दिया जा सकता। बावजूद इसके प्रशासन नियमों को दरकिनार कर यह आवंटन कर रहा है।

यह सीधे. सीधे ग्रामीणों के अधिकारों पर हमला है। पूर्व विधायक ने मांग की कि खसरा नंबर 164 की 11.22 हेक्टेयर सहित विवादित भूमि का आवंटन आदेश तत्काल निरस्त किया जाए और इस भूमि को चारागाह के रूप में सुरक्षित घोषित किया जाए।


अन्य पोस्ट