महासमुन्द

सावन मास का तीसरा सोमवार: श्रीगंधेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचे 10 हजार कांवरिये
17-Aug-2026 3:57 PM
सावन मास का तीसरा सोमवार: श्रीगंधेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचे 10 हजार कांवरिये

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17 अगस्त। सावन मास के तीसरे सोमवार पर ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी सिरपुर में आस्था का अद्भुत संगम देखने के लिए मिल रहा है। श्रीगंधेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए करीब 10 हजार कांवरिया सिरपुर पहुंचे हैं।

 सोमवार तडक़े से भगवान शिव का जलाभिषेक शुरू हुआ है। बम्हनी स्थित श्वेत गंगा से पवित्र जल लेकर कांवरियों का जत्था सिरपुर के लिए रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में शिवभक्ति का माहौल बना हुआ है। बम्हनी से सिरपुर तक विभिन्न समाजों, धार्मिक समितियों एवं सेवा संगठनों ने कांवरियों के स्वागत एवं सेवा के लिए जगह-जगह जलपान, विश्राम और भजन-संध्या की व्यवस्था की थी। श्रद्धालुओं को फल, शीतल पेय, चाय एवं भोजन उपलब्ध कराया गया।

 कई स्थानों पर भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें  बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

 रविवार की शाम सिरपुर महानदी तट पर आयोजित भव्य गंगा आरती भी श्रद्धालुओ के आकर्षण का केंद्र रही। शाम होते ही सैकड़ों श्रद्धालु आरती में शामिल हुए और दीपों की अलौकिक छटा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।


अन्य पोस्ट