महासमुन्द
महासमुंद, 16 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व हर घर तिरंगा,वंदे मातरम एवं भारत विभाजन की विभीषिका-स्मरण दिवस पर आधारित तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन जिला मुख्यालय के लोहिया चौक में किया गया है। प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की मौजूदगी में बीटीआई रोड से लोहिया चौक तक मौन जुलूस निकाला गया तथा शहीदों और सेनानियों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
छायाचित्र प्रदर्शनी में भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवगाथा, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा भारत के गौरवशाली इतिहास से संबंधित छायाचित्रों को जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया है।