महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 अगस्त। नगर में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा कराए जा रहे श्रावण मास में एक माह के रुद्राभिषेक व हवन-पूजन कार्यक्रम में शनिवार को कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल शामिल हुए।
गौरतलब है कि श्रावण मास में विशाल मेगा मार्ट परिसर में रूद्राभिषेक एवं हवन पूजन का इस बार 11वां वर्ष है। दिन में पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक किया जाता है और शाम में हवन पूजन किया जाता है। इसी तारतम्य में शनिवार को कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल का आगमन हुआ।
कैबिनेट मंत्री श्री बघेल ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख,शांति,समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। साथ ही इस आयोजन के लिए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं परिवार को बधाई दी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर आदि सहित अन्य नेतागण, कार्यकर्ता सहित आमजन मौजूद रहे।