महासमुन्द

कांवड़ यात्रा के दौरान सपेरों से मुक्त कराए गए
11-Aug-2026 3:07 PM
कांवड़ यात्रा के दौरान सपेरों से मुक्त कराए गए

5 कोबरा सांप, जंगल में सुरक्षित छोड़े गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 11 अगस्त। बोल बम कांवडिय़ा समिति पिथौरा द्वारा आयोजित सिरपुर कांवड़ यात्रा के दौरान पिथौरा के सर्पमित्र संजय डोंगरे और उनकी टीम ने सपेरों के कब्जे से 5 कोबरा सांपों को मुक्त कराकर जंगल में छोड़ा।

सोमवार को कांवड़ यात्रा के सिरपुर मार्ग से गुजरने के दौरान सर्पमित्र संजय डोंगरे को सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति कोबरा  सांपों का प्रदर्शन कर लोगों से पैसे एकत्र कर रहे हैं। सूचना मिलने पर संजय डोंगरे अपनी टीम के सदस्यों (परमेश्वर सेंदरिया, डिगेश साहू, रवि निर्मलकर, लिलेश मानिकपुरी और आनंद कलेत) के साथ मौके पर पहुंचे।

टीम ने सपेरों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के प्रावधानों की जानकारी दी और उनके कब्जे से 5 कोबरा सांपों को मुक्त कराया।

 दल ने मौके पर ही सांपों का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। सभी सांप स्वस्थ थे और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई थी।

प्राथमिक जांच के बाद सभी सांपों को सिरपुर के समीपस्थ वन क्षेत्र में उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

संजय डोंगरे ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत सांपों को पकडऩा, कैद रखना या उनका प्रदर्शन करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा-सभी प्रजातियों के सांप संरक्षित जीवों की श्रेणी में आते हैं। वर्षा ऋतु में जलभराव के कारण सांप आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आते हैं। सांप दिखने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाकर रेस्क्यू टीम को सूचित किया जाना चाहिए।

बोल बम कांवडिय़ा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि धार्मिक यात्रा के साथ-साथ पर्यावरण और जीव संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना भी समिति का उद्देश्य है।


अन्य पोस्ट