महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 11 अगस्त। महासमुंद जिले के पिलवापाली स्थित भैंसामारा बांध के एनीकट में नहाने के दौरान बहे दूसरे नाबालिग का शव मंगलवार सुबह घटनास्थल से कुछ दूरी पर झाडिय़ों में फंसा मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ज्ञात हो कि रविवार दोपहर लगभग 12.30 बजे ग्राम कौडिय़ा निवासी पांच युवक जोंक नदी के एनीकट में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान 16 वर्षीय हरिशंकर ठाकुर पिता गणेश ठाकुर और अजित बरिहा पिता रामभाऊ बरिहा ने एनीकट से पानी में छलांग लगाई थी। पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों बहने लगे।
साथियों की चीख-पुकार के बीच एनीकट के पास में काम कर रहे चेन माउंटेड मशीन के चालक ने तत्परता दिखाते हुए बांस के सहारे अजित बरिहा को बाहर निकाल लिया था। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई। वहीं हरिशंकर पानी के बहाव में बह गया था।
दो दिन तक चला सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद रविवार से ही तलाश शुरू की गई थी। सोमवार को जिला आपदा बचाव दल (डीडीआरएफ) द्वारा इलेक्ट्रॉनिक बोट के माध्यम से एनीकट के आसपास और बहाव वाले क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण बचाव दल को लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अंतत: बचाव दल कल शाम ही वापस लौट गई थी।
मंगलवार सुबह जलस्तर कम होने पर ग्रामीणों ने घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर अर्जुन पेड़ के पास झाडिय़ों में शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बहरहाल, घटना के बाद हरिशंकर का शव मिलने के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
