महासमुन्द

विश्व आदिवासी दिवस पर ईशर-गौरा पूजा के बाद निकाली रैली
10-Aug-2026 7:00 PM
विश्व आदिवासी दिवस पर ईशर-गौरा पूजा के बाद निकाली रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 10 अगस्त। जिलेभर में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस अत्यंत उत्साह और पारंपरिक गरिमा के नाथ मनाया गया। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय महासमुंद में महिला प्रकोष्ठ ईशर गवरा पूजा उत्सव समिति, अयोध्या नगर के तत्वावधान में एक भव्य और विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन ने शहर में आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और जनजातीय एकता की एक अनूठी मिसाल पेश की।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक अनुष्ठान के साथ हुई। सबसे पहले अयोध्या नगर स्थित समिति परिसर ईशर गौरा की विधिवत पूूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप और मनमोहक आदिवासी सांस्कृतिक मुत्य प्रस्तुतियों के बीच एक विशाल रैली निकाली गई। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्यों की धुन पर थिरकते युुवाओं और महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था।

यह रैली अयोध्या नगर से होते हुए शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी। इसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। सांस्कृतिक रैली शहर के मुख्य हृदय स्थल पर स्थित अमर शहीद वीर नारायण सिंह के प्रतिमा स्थल पर पहुंची। यहां समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और समाजजनों ने छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि इस दौरान वीर नारायण सिंह अमर रहे् के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

इस वर्ष की निर्धारित विशेष थीम, आदिवासी पारंपरिक दाइयों का सम्मान जीवन व स्वास्थ्य रक्षा पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने मातृ स्वास्थ्य और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में आदिवासी दाइयों के अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों को मिठाई वितरित की गई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महिला प्रकोष्ठ समिति की ओर से काजल ध्रुव ने समस्त समाजजनों और मोहल्लेवासियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद रैली पुन: पारंपरिक जयघोष और नृत्य मंडलियों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ अयोध्या नगर स्थित ईशर गौरा चौक पर वापस लौटी। यहां समापन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें समाज के वरिष्ठजनों को श्रीफल भेंट कर गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा रैली में अपनी बेहतरीन और मनमोहक प्रस्तुतियां देने वाली नृत्य मंडली का भी विशेष रूप से सम्मान किया गया।


अन्य पोस्ट