महासमुन्द

स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग, मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों और इंटर्न की हड़ताल जारी
08-Aug-2026 3:19 PM
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग, मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों और इंटर्न की हड़ताल जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अगस्त। शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों और इंटर्न की हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही। स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के कारण अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। जूनियर डॉक्टरों और इंटर्न के कार्य पर नहीं आने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं वरिष्ठ चिकित्सकों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी का दबाव बढ़ गया।

               जानकारी के अनुसार प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन और इंटर्न स्टाइपेंड वृद्धि की मांग कर रहे हैं। कल शुक्रवार को भी आंदोलनकारी डॉक्टरों ने कार्य का बहिष्कार करते हुए अस्पताल परिसर में विरोध दर्ज कराया। इसके चलते ओपीडी और वार्डों में सामान्य चिकित्सा कार्य प्रभावित हुए। हालांकि गंभीर और आपातकालीन सेवाओं को जारी रखने के लिए वरिष्ठ चिकित्सकों और कंसल्टेंट की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई।

जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधि डॉ.सिद्धांत ने बताया कि वर्तमान में इंटर्न और जूनियर डॉक्टरों को प्रतिमाह 15 हजार 900 रुपए स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की प्रमुख मांग स्टाइपेंड बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रतिमाह किए जाने की है। उनका कहना है कि प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में भी इसी मांग को लेकर आंदोलन चल रहा है और कई स्थानों पर यह अनिश्चितकालीन हड़ताल का रूप ले चुका है। डॉ.सिद्धांत ने बताया कि फिलहाल प्रदेश संगठन की ओर से आगे की रणनीति को लेकर कोई नया निर्देश नहीं मिला है, लेकिन शनिवार को भी हड़ताल जारी रहेगी। अगले कार्यदिवस पर ही डॉक्टर नियमित कार्य पर लौटेंगे। उन्होंने कहा कि समान कार्य करने के बावजूद छत्तीसगढ़ में मिलने वाला स्टाइपेंड अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। जिससे युवा चिकित्सकों में असंतोष है।

जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ.बसंत माहेश्वरी ने इस मामले में कहा कि हड़ताल के बावजूद मरीजों के उपचार की व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जा रही है। वरिष्ठ डॉक्टर और कंसल्टेंट मरीजों की जांच कर रहे हैं तथा आवश्येक परामर्श दे रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रखने का प्रयास किया जा रहा है। हड़ताल के चलते मरीजों और उनके परिजनों को कुछ सेवाओं के लिए अधिक इंतजार जरूर करना पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट