महासमुन्द

पौने 2 एकड़ में बनी चौपाटी देखरेख के अभाव में जर्जर: 6 दुकानें 6 साल बाद भी नहीं बिकी
08-Aug-2026 3:18 PM
पौने 2 एकड़ में बनी चौपाटी देखरेख के अभाव में जर्जर: 6 दुकानें 6 साल बाद भी नहीं बिकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अगस्त। महासमुंद नगर में बीटीआई रोड स्थित चौपाटी पालिका प्रशासन की राजस्व बढ़ाने वाली योजनाएं बनने के बजाय सरकारी धन की बर्बादी का जरिया रही है। पालिका को राजस्व दिलाने के उद्देश्य से करीब 50 लाख लाख रुपए लागत से पौने दो एकड़ क्षेत्र में बनी चौपाटी पिछले 6 सालों से सिर्फ  मेंटेनेंस के नाम पर लाखों खर्च कर रही है। यहां आलम यह है कि इतने साल बाद भी परिसर में बनी 6 व्यावसायिक दुकानों की नीलामी तक नहीं हो सकी है। सुरक्षा और देखरेख के अभाव में पूरा परिसर नए अब जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो रहा है।

               इस चौपाटी में व्यवसायिक कॉम्पलेक्स बनाया गया, जिसकी दुकानें खुली भी नहीं और शटर खराब हो गए। बाकी निर्माण भी क्षतिग्रस्त हैं। यहां रात में घुप अंधेरा रहता है। यहां कटीली झाडिय़ां हैं जिसमें सांप-बिच्छू का डर है। देखरेख न होने से चौपाटी परिसर में घनी झाडिय़ां उग आई हैं। यहां बच्चों और युवाओं के लिए लगाया गया ओपन जिम का ढांचा भी टूट-फूटकर खराब हो चुका है। हाई मास्क लाइटें महीनों से बंद पड़ी हैं। शाम होते ही पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है। असामाजिक तत्वों के जमावड़े और जहरीले जीवों के विचरण से आसपास के रहवासियों और राहगीरों में हमेशा हादसे का डर बना रहता है। चौपाटी में 10 बाई 15 साइज की 6 दुकानें नीलामी न होने के कारण 6 सालों से बंद हैं। इसके दरवाजों में ताले लटके हैं। यहां ेमूलभूत सुविधाएं शून्य हैं। परिसर में न पीने के पानी का उचित प्रबंध है, न ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त है। बाउंड्रीवॉल का पेंट और प्लंबिंग का सामान पूरी तरह नष्ट हो रहा है। शौचालय जर्जर है। महिलाएं भी बाहर जाने को मजबूर हैं। चौपाटी में बनाए शौचालय, वॉश बेसिन और यूरिनल पूरी तरह टूटकर कबाड़ हो चुके हैं।

               नगर पालिका की मंशा थी कि सडक़ किनारे लगने वाले ठेले और खोमचों को एक व्यवस्थित जगह पर शिफ्ट की किया जाए ताकि ट्रैफिक जाम की समस्या दूर हो और पालिका को दुकानों के किराए व प्रीमियम से हर महीने पर्याप्त राजस्व मिले। लेकिन आज भी शहर की सडक़ों के किनारे ठेले-खोमचे सज रहे हैं और 50 लाख की चौपाटी वीरान पड़ी है।

               उल्टा इस चौपाटी के टूटी टाइल्स, रंग-रोगन, लाइटों की मरम्मत पर हर साल पालिका को अपनी जेब से लाखों रुपए की अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ रही है। इसके वसूली का कोई जरिया नहीं है।

 स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि सरकारी संपत्ति को कबाड़ होने से बचाते हुए तत्काल ठेले वालों का पुनर्वसन किया जाए। इस मामले में नगरपालिका सीएमओ से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।


अन्य पोस्ट