महासमुन्द

पलसापाली बैरियर में स्कार्पियो से पकड़ाया साढ़े 30 लाख का गांजा
08-Aug-2026 3:14 PM
पलसापाली बैरियर में स्कार्पियो से पकड़ाया साढ़े 30 लाख का गांजा

नाबालिग समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अगस्त। जिले की बसना पुलिस ने पलसापाली बैरियर में वाहन जांच के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन से 61.300 किलोग्राम गांजा बरामद कर बिलासपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके साथ मौजूद एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 30.50 लाख रुपए आंकी गई है। जबकि गांजा परिवहन कर रहे वाहन, मोबाइल और अन्य सामग्री सहित कुल जब्ती का मूल्य लगभग 37.70 लाख रुपए बताया गया है।

                गुरुवार को पलसापाली बैरियर में नियमित वाहन जांच के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। वाहन चालक की घबराहट और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए जब वाहन की गहन जांच की गई तो उसमें रखी तीन बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्त सामग्री का वजन कराया गया। जिसमें कुल 61.300 किलोग्राम गांजा पाया गया।  मौके से वाहन चालक आशीष कुमार साहू निवासी मुंडा भरारी,  जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर कर उसके साथ मौजूद 17 वर्षीय किशोर को भी अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार कार्रवाई गई है।  पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बिलासपुर के एक व्यक्ति के कहने पर वे ओडिशा क्षेत्र से गांजा लेकर आ रहे थे। इस खुलासे के बाद पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की परतें खोलने में जुट गई है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो, एक आईफोन मोबाइल, वाहन संबंधी दस्तावेज तथा अन्य सामग्री भी जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस की धारा 20 ख के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा पूरे गिरोह तक पहुंचने के लिए सभी पहलुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


अन्य पोस्ट