महासमुन्द

मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर क्यूआर कोड से ठगी, साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज
07-Aug-2026 3:16 PM
मोबाइल और सोशल मीडिया  अकाउंट हैक कर क्यूआर कोड से ठगी, साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज

महासमुंद, 7 अगस्त। महासमुंद जिले में मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर परिचितों से क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे मांगने और ठगी किए जाने के मामले सामने आए हैं। पीडि़तों ने इन घटनाओं की शिकायत साइबर पुलिस से की है।

प्रथम मामला (अधिवक्ता का अकाउंट हैक): अधिवक्ता सुरेश नसीने का मोबाइल अकाउंट हैक कर उनके नंबर से परिचितों को क्यूआर कोड भेजे गए। मैसेज मिलने पर अधिवक्ता प्रशांत जोल्हे द्वारा 15,000, शंकर सिन्हा द्वारा 10,000, मनोज साहू द्वारा 2,000, भांजी द्वारा 2,000 और एक डेयरी फार्म संचालक द्वारा 2,000 का ट्रांसफर कर दिया गया।

द्वितीय मामला (एलआईसी एजेंट का अकाउंट हैक): सुभाष नगर निवासी एलआईसी एजेंट उत्तम वर्मा के नंबर से भी उनके संपर्क सूची के लोगों को क्यूआर कोड भेजे गए। उनके रिश्तेदारों और परिचितों द्वारा कुल मिलाकर 47,000 की राशि ट्रांसफर किए जाने की शिकायत सामने आई है।

दोनों ही मामलों में पीडि़तों द्वारा साइबर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी गई है।

महासमुंद साइबर थाना प्रभारी हितेश जंघेल ने बताया कि  यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है, तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अतिरिक्त साइबर अपराध की ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज की जा सकती है। समय पर शिकायत मिलने से राशि होल्ड करने की संभावना बढ़ जाती है।


अन्य पोस्ट